एटा। सदर तहसील क्षेत्र के गांव अमरगोजिया में 1.17 करोड़ रुपये कीमती सरकारी जमीन पर 6 लोगों ने कब्जा कर रखा था। बृहस्पतिवार को तहसील प्रशासन ने अतिक्रमण को बुलडोजर से हटवाया, फसल जुतवा दी। वहीं अतिक्रमणकारियों पर कोतवाली देहात में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। एसडीएम सदर भावना विमल तहसीलदार नीरज वार्ष्णेय सहित राजस्व, पुलिस टीम के साथ अमरगोजिया पहुंचीं। यहां ग्राम समाज की गाटा संख्या 2460 रकबा 0.154 हेक्टेयर, गाटा संख्या 2461स रकबा 0.081 हेक्टेयर भूमि पर ग्रामीणों का अवैध कब्जा मिला। बोरिंग व हैंडपंप आदि लगा रखा था। साथ ही फसल भी बो रखी थी।
एटा-आगरा मार्ग पर स्थित यह जमीन काफी कीमती है। करीब 1.17 करोड़ रुपये इसकी कीमत है। एसडीएम ने बताया कि राजस्व निरीक्षक अतर सिंह ने कोतवाली देहात में तहरीर दी है। राम बहोरी, संजय सिंह, मुन्नालाल, सुखदेवी, बबीता, सरिता के खिलाफ अभियोग दर्ज कर लिया गया है।