अग्निशमन यंत्र तो हैं पर चलाना किसी को नहीं आता
- फोटो : Amar Ujala
जिले में सरकारी कार्यालयों में रखीं फाइलें राम भरोसे हैं। रिकार्ड रूम में फाइलों को रखने की व्यवस्था बदहाल हो चुकी है। सरकारी दफ्तरों में आग से बचाव को अग्निशमन यंत्र तो लगे हैं, लेकिन इनको चलाने के लिए प्रशिक्षित कर्मचारी नहीं है। ऐसे में आग लगने पर फाइलों पर कहर बरपना तय है। वहीं, अग्निशमन विभाग भी कार्यालयों में आग से बचाव के उपायों को लेकर सतर्क नहीं है।
आगरा स्थित संजय प्लेस के एलआईसी दफ्तर में बुधवार की रात को आग लगने के बाद पेंशन, ग्रेच्यूटी के सारे रिकार्ड जलकर खाक हो गए। जिले में सरकारी दफ्तरों में रखीं फाइलें भी ज्यादा सुरक्षित नहीं हैं। अगर यहां आग लगी तो सब नष्ट हो जाएगा। कलक्ट्रेट स्थित कार्यालय के रिकार्ड रूम में फाइलें बेतरतीब और अधिकतर जमीन पर रखीं गईं हैं। चकबंदी कार्यालय की बात करें तो कार्यालय का हाल इतना खराब है कि कभी भी आग लग सकती है।
प्रशासन की ओर से कार्यालय को दुरुस्त कराने के लिए पहल नहीं की गई। कलक्ट्रेट स्थित कार्यालय मेें आग से बचाव को अग्निशमन यंत्र लगे हैं, लेकिन इनको चलाने के लिए प्रशिक्षित कर्मचारी नहीं है। ऐसे में आग से बचाव के उपाय ठंडे पड़े हैं। आगरा में हुई घटना के बाद अधिकारी और कर्मचारी रिकार्ड को दुरुस्त करने में जुटे रहे।
एडीएम प्रशासन सतीश पाल ने बताया कि विभागों में अग्निशमन यंत्र लगे हुए हैं। वहीं, रिकार्ड रूम का समय-समय पर निरीक्षण करके रिकार्ड को दुरुस्त किया जाता है। जल्द ही कार्यालयों का निरीक्षण किया जाएगा।