मलावन में पत्नी के ससुराल जाने से इंकार करने पर टॉवर पर चढ़ा युवक। संवाद
सकीट। पत्नी के मायके जाने से आहत युवक ने मंगलवार को हाईवोल्टेज ड्रामा किया। मलावन में युवक मोबाइल फोन के टॉवर पर चढ़ गया। इसके बाद वहां भीड़ जमा हो गई। पुलिस भी उसे नीचे उतारने के लिए मनाती रही। करीब चार घंटे बाद टॉवर से उतरकर आया। इसके बाद पुलिस उसे थाने ले गई। पुलिस दंपती को समझाने में जुटी थी।
एटा के आंबेडकर नगर निवासी सूरज की शादी लगभग सात वर्ष पहले 2019 में मलावन की नीरज के साथ हुई थी। दिव्यांग नीरज ने पुलिस को बताया वह डीएलएड कर टेट की परीक्षा पास कर चुकी है। शिक्षक भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रही है। उसका पति शराब पीने का आदी है जो अक्सर शराब के नशे में उसकी पिटाई करता है। पति की शराब पीने की आदत से उसकी तैयारी बाधित हो रही है। इसलिए वह परीक्षा की तैयारी करने के लिए 16 मार्च को अपने मायके मलावन आ गई। माता-पिता की दो वर्ष पहले मौत हो चुकी है। वह भाइयों के साथ रह रही थी।
पति सूरज मंगलवार की सुबह उसको बुलाने आया था उसके मना करने पर वह शराब के नशे में दोपहर करीब 12 बजे टावर पर चढ़कर हंगामा करने लगा। इस पर नीरज के परिजन एवं अन्य लोगों के साथ ही पुलिस ने सूरज को बहुत समझाया लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था। करीब चार बजे टावर से वह उतरा।
युवक के टावर से उतरते ही पुलिस उसको साथ लेकर थाने आ गई। यहां पर पुलिस ने पति-पत्नी दोनों से वार्ता की। वार्ता में नीरज ने परीक्षा होने के बाद ही ससुराल जाने की बात कही। क्षेत्राधिकारी सकीट नीतिश गर्ग ने कहा हंगामा करने वाले युवक पर कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।
मलावन में पत्नी के ससुराल जाने से इंकार करने पर टॉवर पर चढ़ा युवक। संवाद