अलीगंज तहसील में जनगणना को लेकर बैठक होती हुई। संवाद
अलीगंज। जनगणना के लिए तैयारी की जा रही हैं। इस संबंध में शुक्रवार को तहसील सभागार में आयोजित बैठक में लेखपालों को प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान एसडीएम जगमोहन गुप्ता ने कहा कि जनगणना कार्य में हाउस लिस्टिंग का कार्य सबसे अधिक महत्वपूर्ण है, जिसके लिए ब्लॉक का सही निर्धारण किया जाना आवश्यक है। बैठक में मंथन करते हुए एसडीएम ने कहा पूर्व में किए गए हाउस लिस्टिंग ब्लॉक को छोटे-छोटे हिस्सों में विभाजित किया जाना चाहिए, ताकि जनगणना आसानी से हो सके। उन्होंने कहा कार्य को व्यवस्थित बनाए रखने को कुछ स्थानों पर ब्लॉक का पुनः निर्धारण किया जाएगा। उन्होंने कहा सभी लेखपाल अपने क्षेत्रों में जाकर ब्लॉक निर्धारण की प्रक्रिया को गंभीरता से पूरा करें। प्रशिक्षण में एसडीएम ने हाउस लिस्टिंग ब्लॉक तैयार किए जाने के बारे में बताया। उन्होंने कहा जनगणना एक राष्ट्रीय कार्य है, इस कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।