एटा। कोतवाली नगर में तैनात एक होमगार्ड कस्बा बागवाला के समीप शनिवार को सड़क हादसे में घायल हो गया। लोगों ने मेडिकल कॉलेज पहुंचाया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
होमगार्ड रामसेवक (57) निवासी रामपुर थाना बागवाला के पुत्र नवनीत ने बताया कि पिता घर से शनिवार शाम 5:30 बजे ड्यूटी पर निकले थे। बागवाला क्षेत्र में पवांस नहर के किनारे खड़े होकर वाहन का इंतजार कर रहे थे।
इसी दौरान अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। अंधेरा होने की वजह से घायल अवस्था में घंटों नहर किनारे पड़े रहे।
ग्रामीणों ने पिता को पहचानने के बाद घर पर चाचा को सूचना दी जिसके बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। थाना प्रभारी ओपी सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत की सूचना मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की जांच की जाएगी।