कासगंज के अहरौली गांव में चौपाई के दौरान कपड़े फाड़कर मस्ती करते युवा
- फोटो : KASGANJ
एटा। लाल गुलाबी चेहरे, मन में उमंग और लबों पर हैप्पी होली। कुछ ऐसे ही जिले भर में होली का त्योहार मनाया गया। लोगों ने एक-दूसरे को रंग और गुलाल लगाकर बधाइयां दीं साथ ही गले मिलकर आपसी बैर को मिटाने का संकल्प लिया। परंपरागत तरीके से होलिका दहन कर बुराइयों का अंत किया। रंग रूपी प्रेम की फुहारें एक-दूसरे पर बरसाईं। जिले भर में पर्व को लेकर लोगों में खासा उल्लास नजर आया। मस्ती में झूमते हुरियारे गली-गली और गांव-गांव में होली पर्व की उमंग बिखेरते नजर आए।
कई दिनों से चल रही तैयारियों के बाद मंगलवार को जिले में होली का पर्व परंपरागत तरीके से मनाया गया। सोमवार शाम को होलिका पूजन के बाद लोगों ने सुबह होलिका दहन किया। इस दौरान शहर के प्रेमनगर, बाबूगंज, रेलवे रोड तिराहा, कटरा मोहल्ला, नन्नूमल चौराहा, होली मोहल्ला, सराय मिश्र समेत जिले भर में सैकड़ों स्थानों पर होलिका दहन किया गया।
लोगों ने विधिविधान पूर्वक होलिका दहन के दौरान पूजा अर्चना की। होलिका को नई फसल के रूप में गेहूं की बाली भूनकर एक-दूसरे को वितरित की। लोगों ने घर-घर पकवान सहित दही बड़े, गुझिया, सेव, अनरसे का आनंद लिया।
पुलिस की रही पैनी नजर
त्योहार पर पुलिस की पैनी नजर रही। चौराहों पर पुलिस के जवान तैनात रहे। कुछ लोग पुलिस जवानों के साथ होली मनाने पहुंचे, ड्यूटी पर होने के चलते उन्होंने मना कर दिया।
हर्बल का बढ़ा क्रेज
इस बार हर्बल रंग और गुलाल का क्रेज नजर आया। लोगों ने गुलाल लगाकर ही होली का जश्न मनाया। केसरिया रंग सबसे ज्यादा उड़ाया गया।
खूब चला सेल्फी का जादू
सेल्फी का जादू बरकरार रहा। रंगे-पुते चेहरों के साथ लोगों ने परिवार और दोस्तों के संग खूब सेल्फी खींची। साथ ही सेल्फी को सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया। लोग संदेशों के जरिए एक-दूसरे को शुभकामना देते नजर आए।