फिल्म दिलवाले का शुक्रवार को शहर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और विश्व हिंदू महासंघ के कार्यकर्ताओं ने बहिष्कार किया। आगरा रोड स्थित ज्वाला टॉकीज पर दोपहर को दोनों संगठनों के कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर फिल्म के पोस्टर फाड़ने के बाद जलाते हुए जमकर हंगामा बरपाया। हंगामे के दौरान कार्यकर्ताओं ने दोपहर का शो बंद कराकर टॉकीज में ताला जड़ दिया। हंगामा की सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा, लेकिन कार्यकर्ताओं ने हंगामा जारी रहा। पुलिस बल की चेतावनी के बाद भी कार्यकर्ताओं ने शो नहीं चलने दिया।
शाहरुख खान की फिल्म का लगातार विरोध हो रहा है। हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने बहिष्कार किया। प्रदर्शन के दौरान विश्व हिंदू महासभा के जिलाध्यक्ष दिलीप पचौरी ने कहा कि शाहरुख खान ने असहिष्णुता पर जो बयान दिया है, उस पर सभी भारतीयों में रोष है। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें भारत में असहिष्णुता दिखाई देती है, तो वो अपनी फिल्म को पाकिस्तान और सउदी अरब में रिलीज करें।
एबीवीपी के जिला संयोजक युवराज सिंह ने कहा कि शाहरूख खान विश्व के सबसे बढ़े धर्मनिरपेक्ष देश में रहकर कहते हैं कि भारत में असहिष्णुता का माहौल है। इसलिए उनको ऐसे माहौल में फिल्म प्रदर्शित करने का कोई अधिकार नहीं है। मंडल प्रभारी अवधेश गुप्ता, जिला प्रभारी हरेंद्र सारस्वत, दीपक कुशवाह, नीतेश जोशी, निर्मल लोधी, गुड्डू लोधी, सुमित शाक्य आदि मौजूद थे।