एटा। जनपद में 50 विद्यालय ऐसे हैं जिनके ऊपर से हाई टेंशन लाइन गुजरी हुई है। ऐसे में हादसे की आशंका भी बनी रहती है। अब विद्यालय से ऊपर से गुजरी लाइन को हटाया जाएगा। इसके लिए जिले में कवायद शुरू हो गई है। बेसिक शिक्षा विभाग में उच्चधिकारियों के साथ बैठक कर विद्युत निगम के अधिकारियों को सूची दी है।
जनपद में 1691 परिषदीय स्कूल संचालित हैं। इनमें से 50 विद्यालय ऐसे हैं जिनके ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजरी हुई है। हालांकि पूर्व के वर्षों में बेसिक शिक्षा विभाग की तरफ से विद्युत निगम के अधिकारियों को कई बार पत्राचार किया गया। यहां तक कि एस्टीमेट के लिए भी कहा गया लेकिन नतीजा कुछ नहीं निकला। ऐसे ही पत्राचार का दौर विभाग में चलता रहा। कई बार बैठकर भी हुई लेकिन विद्यालय के ऊपर तार झूलते रहे। शासन से पत्र आने के बाद अब बेसिक शिक्षा विभाग आगे आया और उच्चाधिकारियों के निर्देशन में विद्युत निगम के अधिकारियों के साथ बैठक की। हाईटेंशन लाइन विद्यालयों से गुजरी उन विद्यालयों की सूची भी थमाई। मामले में जिला समन्वयक संजय कुमार ने बताया विद्युत निगम के अधिकारियों के साथ बैठक हो चुकी है । उनको हाई टेंशन लाइन वाले विद्यालयों की सूची उपलब्ध करा दी गई है। जल्द ही लाइन को हटाने का कार्य किया जाएगा।