जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमले, इसके बाद खुफिया एजेंसियों को मिले यूपी में पांच आतंकियों के घुसने के इनपुट के बाद प्रदेश भर में सतर्कता बढ़ा दी गई। शनिवार को छह दिसंबर भी है, ऐसे में इनपुट को और भी गंभीरता से लिया गया। जिले भर में एक साथ वाहनों, होटलों, धर्मशालाओं की चेकिंग की गई। धार्मिक स्थलों के आस पास सुरक्षा बढ़ा दी गई। एसएसपी ने खुद चेकिंग कराई और पुलिस व पीएसी के साथ फ्लैग मार्च निकाला।
शुक्रवार की सुबह 11 बजे पुलिस को खुफिया विभाग का एक पत्र मिला, जिसमें उप्र में पांच आतंकियों के घुस आने की बात कही गई थी और साथ ही कहा गया था कि ये प्रदेश का माहौल बिगाड़ने के लिए किसी धार्मिक स्थल में हमला कर सकते है। इनपुट में यह भी कहा गया था कि छोटे शहरों को ये अपना निशाना बना सकते है।
शनिवार को अयोध्या में विवादित ढांचा गिराए जाने की बरसी भी है। इसके बाद जिले भर में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया। स्थानीय खुफिया तंत्र भी सक्रिय हो गया और एक साथ सभी थानों में चेकिंग शुरू कर दी गई। संदिग्धों की जांच होने लगी। रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भी चेकिंग की गई।
एसएसपी सुरेंद्र कुमार वर्मा खुद भी शहर में निकल पड़े। जीटी रोड पर भारी संख्या में पुलिस बल पहुंचा और संदिग्धों को रोककर उनकी तलाशी ली जाने लगी। छावनी जैसी स्थिति जीटी रोड की हो गई थी। एसएसपी ने बताया कि प्रदेश में आतंकियों के घुसने की सूचना पर यह चेकिंग की गई।
साथ ही धार्मिक स्थलों की सुरक्षा भी बढ़ाई गई है। डीआईजी ने भी मंडलभर के सभी जिला अलीगढ़, एटा, कासगंज, हाथरस में चेकिंग के आदेश दिए गए।