जिला अस्पताल में मरीजों को देखते डॉक्टर ।
- फोटो : ETAH
एटा-मिरहची। विकास खंड मारहरा की ग्राम पंचायत जिन्हैरा में बुखार फैलने लगा है। कई लोग लोग बुखार से पीड़ित हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग उपचार के नाम पर खानापूर्ति कर रहा है। पीड़ितों ने इस संबंध में जिलाधिकारी सुखलाल भारती से शिकायत की। डीएम के आदेश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची और मरीजों का परीक्षण कर दवा वितरित की।
ग्राम पंचायत जिन्हैरा में गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप बना हुआ है। इससे गांव के कई घरों में बुखार से पीड़ित मरीज कराह रहे हैं। वहीं लोगोें को डेंगू का भय सता रहा है। बुखार से पीड़ित संतोष कुमार ने बताया कि गांव में एक सप्ताह में करीब आधा दर्जन लोग बुखार की चपेट में आ चुके हैं। इनमें स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी पर कोई नहीं आया तो जिलाधिकारी सुखलाल भारती से सीधे फोन कर गांव में फैले बुखार का हवाला देते हुए शिकायत की। डीएम के आदेश पर शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाईयां वितरण कीं। इस संबंध में डॉ. अनंत कुमार ने बताया कि विभागीय टीम गांव के मरीजों का परीक्षण कर दवा दे रही है।