एटा। जलेसर क्षेत्र में रविवार को मारपीट और जानलेवा हमला करने के तीन मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक का रास्ता रोका गया और उस पर जानलेवा हमला कर दिया गया। पीड़ित ने गांव के ही चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है जबकि मारपीट के दो अन्य मामले भी दर्ज कराए गए हैं।
थाना जलेसर क्षेत्र के गांव नगला दयाराम लोहचा निवासी दिनेश चंद्र पुत्र कमल सिंह का आरोप है कि शुक्रवार की शाम बेरनी मंदिर के पास गांव के ही विकल उर्फ विनय पुत्र दिलीप सहित चार लोगों ने पुरानी रंजिश को लेकर घेर लिया। इस दौरान ईंट, पत्थर व धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया।
चीख-पुकार पर पहुंचे परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया। यहां पर स्वास्थ्य लाभ मिलने के बाद रविवार को मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपी मरणासन्न हालात में ही छोड़कर भाग गए। प्रभारी निरीक्षक केपी सिंह ने बताया कि प्रधानी की पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर हमला किया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
दूसरी ओर गांव नगला लोधी निवासी ओमवीर सिंह पुत्र भगवान सिंह का आरोप है कि गांव के ही कुलदीप पुत्र किशनलाल सहित तीन लोगों ने पत्नी के सिर में फावड़े से हमला कर घायल कर दिया। इनके बीच घूरे की जमीन को लेकर पहले से विवाद चला आ रहा था। पुलिस ने ओमवीर की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
वहीं सुनील पुत्र जयवीर सिंह निवासी रनौसा ने गांव के ही गौरव पुत्र जयसिंह सहित चार के खिलाफ गांव सराय नीम के पास मारपीट कर घायल करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस तीनों मुकदमे दर्ज कर आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।