हजारा नहर में पानी बढ़ने से पानी को नियंत्रित करने के लिए बनाए गए बंदे भी कट गए है। नहर के पानी की दस्तक सड़क तक जा पहुंची है, जिससे सड़क के कटान का खतरा भी पैदा हो सकता है।
गौरतलब हो कि गंगा पर बने नरौरा डेम से हजारा नहर में पानी छोड़ा जाता है। गंगा में भी पानी का दबाव पहाड़ो की बर्फ पिघलने व बारिश के कारण बढ़ा है। जो नहरें 15 दिन पहले खाली चल रही थी अब उन नहरों में लबालब पानी नजर आ रहा है। हजारा नहर में भी इस समय काफी पानी है। पानी के दबाव के चलते नगला बीच के क्षेत्र में नहर का बंदा कट गया है, जिससे बंदे के दूसरी और भी नहर का पानी जा पहुंचा है और इस पानी की दस्तक सड़क तक होने लगी है। नगर विभाग को इस कटान की जानकारी नहीं है। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने जानकारी मिलने पर नरौरा खंड के नहर विभाग के अधिकारियों को मामले की सूचना दे दी है।
समीपवर्ती गांव नगला बीच, झावर के ग्रामीण चिंतित है। नहर का पानी ऊपर न आ जाए इसको लेकर ग्रामीण नहर के जलस्तर पर नजर बनाए हुए है। नहर में पानी ज्यादा होने के कारण इस्माइलपुर रोड के नगला मोती के पुल को भी खतरा हो सकता है, क्योंकि यहां यह पुल पहले से जर्जर हाल में है।
सुरक्षा कर्मी तैनात
कासगंज(ब्यूरो)। नहर में समीपवर्ती गांव के बच्चे गर्मी से बचने को नहाने पहुंच जाते है। नहर का जलस्तर काफी बड़ा हुआ है। ऐसी स्थिति में पुलिस ने सुरक्षा के लिए होमगार्ड की तैनाती कर दी है। ढोलना थाना प्रभारी पहलवान सिंह ने बताया कि नहर और पुल की निगरानी की जा रही है, जिससे कोई हादसा न हो।
सड़क में कटान न हो इसके लिए नहर विभाग व निर्माण विभाग को निर्देशित किया है। अतिशीघ्र जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
- विजयेन्द्र पाण्डियान, जिलाधिकारी