अलीगंज। जीएसटी चोरी की सूचना पर अलीगढ़ की पचास सदस्यीय जीएसटी टीम ने अलीगंज में छह तंबाकू कारोबारियों पर सर्वे किया। अधिकांश स्थानों पर कारोबारी दस्तावेज नहीं दिखा सके। एक बंद गोदाम का ताला तुड़वाकर जांच की गई। लाखों रुपये की कर चोरी का संदेह जताया जा रहा है। जीएसटी विभाग के एडीशनल कमिश्नर आरएन शुक्ला एवं यूपी सिंह के निर्देश पर डिप्टी कमिश्नर एसआईबी आरके सिंह और असिस्टेंट कमिश्नर पंकज सिंह ने टीम के साथ अलीगंज में सर्वे कार्रवाई की। इस दौरान रवि वर्मा की फर्म पर बड़ी मात्रा में जीएसटी चोरी प्रकाश में आई। डिप्टी कमिश्नर आरके सिंह ने बताया कि रवि वर्मा द्वारा गोदामों पर अपना नेटवर्क स्थापित कर बड़ी मात्रा में तंबाकू का व्यापार किया जाना पाया गया है। तंबाकू व्यापारियों द्वारा कर चोरी की शिकायतें मिलने पर यह कार्रवाई की गई है।
टीम ने कायमगंज रोड, कंपिल रोड और मैनपुरी रोड स्थित गोदामों व प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर सर्वे किया। टीम को जांच में उस समय परेशानी का सामना करना पडा, जब दो गोदाम स्वामी नहीं मिले। देरशाम तक स्वामियों का इंतजार करने के बाद उनके परिजनों से ताले तुड़वाए गए। आरके सिंह ने बताया कि जांच देर रात तक चलेगी। पूरी जांच के बाद ही जुर्माना लगाया जाएगा। तब तक तंबाकू को सील कर दिया गया है। टीम में नंदनी गोयल, ईशा गौतम, उमेश सिंह, अदिते मिश्रा, राजीव कुमार आदि अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।