ग्राम पंचायत विकास योजना की बैठक में भाग लेते सीडीओ और डीपीआरओ।
- फोटो : ETAH
एटा। वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) निर्मित किए जाने हेतु जनपद स्तरीय क्रियान्वयन एवं समन्वय समिति की बैठक का आयोजन बृहस्पतिवार को जूम एप के माध्यम से किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी ने की। जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक कुमार प्रियदर्शी ने बताया कि दो से 31 दिसंबर के मध्य वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए ग्राम पंचायत विकास योजना का निर्माण किया जाना है। इसके लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में तय अवधि में 2 ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा।
ग्राम सभा की बैठकों के दौरान ग्राम पंचायत में उपलब्ध संसाधन एवं ग्राम पंचायत में किए जाने वाले कार्यों पर चर्चा की जाएगी। तदनुसार कार्य योजना का निर्माण किया जाएगा। डीपीआरओ ने बताया कि बिना लागत वाले कार्यों को भी ग्राम पंचायत विकास योजना में शामिल किया जाएगा। प्रत्येक ग्राम पंचायत में एक फैसिलेटर की नियुक्ति की जाएगी जो कि ग्राम पंचायत विकास योजना के निर्माण से संबंधित तकनीकी कार्यों का संपादन करेगा। बैठक में सीडीओ मदन वर्मा बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय कुमार सिंह, परियोजना निदेशक निर्मल द्विवेदी, जिला विकास अधिकारी एसएन कुशवाहा आदि मौजूद रहे।
फ्रंटलाइन वर्कर करेंगे ग्राम सभा की बैठक में प्रतिभाग
प्रत्येक विभाग द्वारा ग्राम सभाओं की बैठक में प्रतिभाग करने हेतु ग्राम पंचायत स्तरीय कार्यकर्ताओं को नामित किया जाएगा। जिन्हें फ्रंटलाइन वर्कर कहा जाएगा। आशा, आंगनबाड़ी, लेखपाल, कोटेदार, सफाईकर्मी आदि फ्रंटलाइन वर्कर के रूप में ग्राम सभा की बैठक में प्रतिभाग करेंगे। प्रत्येक ग्राम सभा की बैठक की फोटो खींची जाएगी तथा ऑनलाइन जीपीडीपी पोर्टल पर अपलोड की जाएगी।