एटा। कोतवाली देहात पुलिस ने शराब पर नियंत्रण के लिए अच्छी पहल की है। इसमें लोगों को शराब बनाने और सेवन न करने की शपथ दिलाई जा रही है। शुक्रवार को खेत्र के गांव बदरिया में चौपाल लगाई गई। जिसमें गांववासियों ने शराब बनाने और पीने से तौबा की। गांव बदरिया में आयोजित चौपाल में प्रभारी निरीक्षक जगदीश चंद्र ने कहा कि कच्ची शराब जहर की तरह है, इसके सेवन से इंसान धीरे-धीरे मौत के करीब चला जाता है।
किसी परिवार के मुखिया की मौत हो जाती है तो उस परिवार के सदस्यों के सामने रोजी-रोटी तक का संकट खड़ा हो जाता है और भविष्य अंधकारमय हो जाता है। इसलिए महिलाएं सहयोग करें और कच्ची शराब पीने वालों को किसी न किसी तरीके से समझाएं ताकि भविष्य सुरक्षित बना रहे। इस दौरान महिलाओं ने क्षेत्र के कुछ गांवों के नाम पुलिस को बताए, जहां कच्ची शराब बनाने का काम होता है और वहां से शराब खरीदकर पुरुष पीते हैं।
पुलिस ने उन गांवों के नाम लिखकर जनसहयोग और पुलिस चौपाल के माध्यम से कच्ची शराब का कारोबार बंद कराने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं और पुरुषों को शपथ दिलाई गई कि आज के बाद न तो गांव में शराब बनने देंगे और न ही शराब का सेवन करेंगे। इस मौके पर उपनिरीक्षक अनिरुद्ध प्रताप सिंह, ललित कुमार निमी, गिरीश बोहरे, अखिल प्रताप सिंह, चोब सिंह, नरेश वर्मा, प्रधान धनपाल सिंह आदि लोग मौजूद रहे।