मंदिर वर्षों पुराना है और चार दिन पहले इसमें तीन नई मूर्तियों की स्थापना की गई थी। लोगों का कहना है कि उस समय पुलिस ने इसका विरोध नहीं किया, अब अचानक चार दिन बाद मूर्तियों को हटा दिया। जिस तरह से मूर्तियों को हटाया गया, उसको लेकर लोगों में पुलिस के प्रति गुस्सा था। बवाल के चलते कस्बे में अफरा तफरी भरा और तनाव भरा माहौल रहा। बवाल के चलते स्कूलों की छुट्टी भी दो घंटे बाद की गई और बच्चों को स्कूल में ही रोके रखा गया।
पुरानी कोतवाली परिसर के पास स्थित वर्षों पुराने मंदिर में हनुमानजी व शिव परिवार पहले से ही विराजमान है और चार दिन पहले तीन और नई मूर्तियों की स्थापना की गई। उस समय पुलिस चुप रही, अब पुलिस को आपत्ति क्यों है। मूर्ति हटाने की घटना के बाद मार्केट पूरी तरह से बंद हो गया। लोगों का आरोप है कि पुलिस ने मूर्तियों पर छेनी हथोड़ी चलाई। इसको लेकर भी पुलिस के प्रति गुस्सा था। जिस चबूतरे पर हनुमानजी की प्रतिमा रखी है, वह काफी मजबूत था और टूट नहीं पाया। पुलिस पीएसी के जवानों ने नगर के प्रतिष्ठित व्यक्ति संदीप गुप्ता की दुकान में घुसकर वहां बैठे लोगों से बदतमीजी की तथा डंडे भी चलाए जिसके कारण उनकी दुकान में रखा सामान आदि टूट गया। कस्बे में तनाव के चलते स्कूलों की छुट्टी दो घंटे बाद हुई। इसके चलते अभिभावक परेशान रहे और स्कूलों में फोन मिलाकर बच्चों के सकुशल होने की जानकारी लेते रहे। बाद में मामला शांत होने पर बच्चे घर पहुंचे। माता महाकाली मंदिर पर नवदुर्गा पर्व के चलते भागवत कथा का आयोजन चल रहा है, लेकिन मेन बाजार में हुए बवाल के चलते भागवत कथा में भी भीड़ नहीं पहुंची। भगवताचार्य ने चार छह लोगों को ही कथा सुनाई।
नगर में हिंदू -मुस्लिम एकता की मिसाल दी जाती है: जुनेद
अलीगंज। युवा सपा नेता एवं नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि जुनेद मियां ने कहा कि नगर में हिंदू मुस्लिम एकता की मिसाल कई जिलों में दी जाती है, लेकिन मूर्ति लगाने को लेकर मुस्लिम समाज का कोई विरोध नहीं है। उन्होंने कहा कि समाज के किसी एक व्यक्ति ने इसका विरोध किया है तो उसे समाज से जोड़कर न देखा जाए। उन्होंने कहा कि अलीगंज में हमेशा हिंदू मुस्लिम समाज के लोग त्योहार एक साथ मनाते हैं और आगे भी मनाते रहेंगे।
एक मीडिया कर्मी का कैमरा छीना
बताते हैं कि पुलिस जब मूर्तियों को हटा रही थी तब एक मीडिया कर्मी ने फोटो खींच लिया। यह देखकर पुलिस कर्मी भड़क गए और कैमरा छीन कर सभी फोटो डिलीट कर दिए।