जनपदीय कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय खेल प्रतियोगिता में दूसरे दिन एथलेटिक्स, कबड्डी, ताइक्वांडो, खो-खो आदि के बालक और बालिका वर्ग के मुकाबले हुए। इनमें जिले भर के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों के बच्चों ने प्रतिभाग किया। बालिका वर्ग की एथलेटिक्स प्रतियोगिता में मारहरा के विद्यालय का दबदबा रहा।
राजकीय बालिका इंटर कालेज के मैदान पर खेली जा रही प्रतियोगिता में मंगलवार को ताइक्वांडो में बीस किलोग्राम भार वर्ग निधौली कलां की अंजली ने पहला स्थान प्राप्त किया। 26-29 किलोग्राम भारवर्ग में खुशबू मारहरा और 38 किलोग्राम से ऊपर भार वर्ग में सुरभि सकीट पहले स्थान पर रही। कबड्डी के फाइनल में जलेसर ने अलीगंज को हराया। बालिका वर्ग की गोला और चक्का फेंक में मारहरा की शालू प्रथम स्थान पर रहीं। लंबी कूद में मारहरा की वर्षा ने प्रथम स्थान हासिल किया। जिला समन्वयक मदन राजपूत ने बताया कि मंगलवार को खोखो, गोला और चक्का फेंक के बालक वर्ग के मुकाबले भी हुए। इस दौरान जिला स्काउट शिक्षक दयानंद श्रीवास्तव, कुंवरपाल गौतम, भंवर सिंह यादव, शशिकांत, सतेंद्र यादव, महाराज सिंह, मनीष दुबे आदि स्काउट और व्यायाम शिक्षक मौजूद रहे।