जिला राजकीय प्रदर्शनी में गुरुवार की रात गजल गीत संध्या का म्यूजिकल कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में हास्य कलाकारों ने कई नेताओं की मिमिक्री कर उपस्थितजनों का खूब गुदगुदाया। वहीं गायकों ने पुराने फिल्मी तराने सुनाकर श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन अपर जिला जज अजय कुमार त्यागी ने किया। इसके बाद अपर जिला जज मानवेंद्र सिंह, पालिकाध्यक्ष राकेश गांधी, समाजसेवी मेधाव्रत शास्त्री, शशिकिशोर सक्सेना, डा. राजीव कुलश्रेष्ठ द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलन किया गया। इसके बाद सिंगर केके सूफी ने ‘सावन में लग गई आग’ सुना कर लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। कामेडियन कलाकार रजनीश त्रिवेदी ने मंच पर आकर मुलायम सिंह यादव, लालू प्रसाद यादव और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री कर उपस्थितजनों को खूब गुदगुदाया। नेहा ने ‘ये मेरा दिल प्यार का दीवाना’ गाकर लोगों को गुनगुनाने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद इंडिया गॉट टेलेंट के सिंगर गौतम गोस्वामी की ओर से गुलाम अली की गजल यह दौलत भी ले लो यह शोहरत भी ले लो सुनाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के अंत में संयोजक अमित कुमार जौहरी एडवोकेट और कार्यक्रम अध्यक्ष अविनाश शर्मा रामभटूले ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों को सम्मानित किया। एसीजेएम रोहित अग्रवाल, जेएम विजय कुमार, विकास जैन, आदर्श मिश्रा, राजेश माथुर, हिमांशू अस्थाना, जावेद मासूम, गौरव सक्सेना, देवेंद्र दीक्षित आदि लोग मौजूद थे।