शक्ति की आराधना के पर्व नवरात्र पर मातारानी के अनुष्ठान घर और मंदिरों में चल रहे हैं। वहीं देवी मंदिरों में दर्शन-पूजन को भी भक्तों की भीड़ सुबह से लेकर शाम तक बनी रहती है। छठें दिन रविवार को भी श्रद्धालुओं ने मां के कात्यायनी स्वरूप की पूजा की। चैत्र नवरात्र के छठवें दिन रविवार को श्रद्धालुओं ने कात्यायनी देवी की आराधना की।
भक्तों ने मां कात्यायनी की आराधना कर धन-धान्य, सुख-समृद्धि, शांति, वैभव की मंगल कामना की। भोर से ही महिलाएं ढोल की थापों पर देवी गीत गाते, जयकारा लगाते मंदिरों को जाते दिखे। जिले के काली मंदिर, पथवारी मंदिर, शीतला देवी मंदिर, जनता दुर्गा मंदिर, आगरा रोड देवी मंदिर, शृंगार नगर मौनी बाबा बगीची समेत सभी देवी मंदिरों पर दर्शन को भक्तों की भीड़ भोर में चार बजे से ही जुटना शुरू हो जाती है। वहीं अलीगंज, जैथरा, जलेसर, अवागढ़, निधौलीकलां, सकीट, बावसा, वसुंधरा, मारहरा, मिरहची आदि ग्रामीण अंचलों के देवी मंदिरों पर भी पूरे दिन श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
सबकी झोली भर रही मां शेरावाली
कस्बे के मोहल्ला नेहरू नगर की मां शेरावाली सबकी झोली भर रही हैं। उनके दर से कोई भी खाली हाथ नहीं जाता। एक वर्ष पहले बने मंदिर का चमत्कार यह है कि यहां आने वाले कोई भी भक्त खाली नहीं लौटता।
इसके चलते श्रद्धालुओं में आस्था प्रगाढ़ होती जा रही है। जानकारी के मुताबिक पिछले साल नवरात्र में ही कस्बा की उर्मिला देवी गुप्ता और उनके पुत्र दिनेश गुप्ता ने मोहल्ले में देवी मंदिर की स्थापना कराई। एक वर्ष में माता की चमत्कार ऐसा हुआ, जिससे भक्तों की भीड़ लगने लगी। यहां प्रतिदिन आरती के बाद महिला श्रद्धालु भजन और भक्ति नृत्य करती हैं। मंदिर के दिनेश गुप्ता बताते हैं कि मातारानी किसी को खाली नहीं लौटाती हैं।