कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को हुई बैठक अधिकारियों को निर्देशित करते डीएम अरविंद सिंह। स्र
एटा। जिले में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) परियोजना को गति देने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम अरविंद सिंह की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय समिति की बैठक में परियोजना की प्रगति की समीक्षा की गई संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सीमा के अंदर सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
फिरोजाबाद सीजीएस से इसौली चौराहा होते हुए अवागढ़ तक स्टील गैस पाइपलाइन बिछाने व परीक्षण का कार्य पूरा कर लिया गया है। आवश्यक अनुमतियां मिलने के बाद अवागढ़ क्षेत्र में जल्द ही गैस आपूर्ति शुरू किए जाने की तैयारी है। जलेसर क्षेत्र में भी गैस नेटवर्क विस्तार का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। यहां प्रस्तावित 15 किलोमीटर लंबी स्टील पाइपलाइन में लगभग 14.7 किलोमीटर कार्य पूरा हो चुका है। रेलवे क्रॉसिंग का निर्माण भी संपन्न हो गया है। इसके अतिरिक्त उद्योगों को गैस उपलब्ध कराने के लिए करीब 18 किलोमीटर एमडीपीई पाइपलाइन बिछाने का कार्य तेजी से चल रहा है।
बैठक में कासगंज रोड स्थित चिकोरी उद्योगों समेत अन्य औद्योगिक इकाइयों को शीघ्र पाइप्ड प्राकृतिक गैस उपलब्ध कराई जाएगी। इससे उद्योगों को कम लागत वाली सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल ऊर्जा मिलेगी। वहीं घरेलू उपभोक्ताओं तक भी पाइपलाइन के माध्यम से रसोई गैस पहुंचाने की योजना पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। डीएम ने ने लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित विभागों को आवश्यक एनओसी व स्वीकृतियां प्राथमिकता के आधार पर जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने परियोजना की नियमित निगरानी के लिए प्रत्येक माह समीक्षा बैठक आयोजित करने पर भी जोर दिया। जिला पूर्ति अधिकारी कमलेश कुमार गुप्ता समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी व समिति के सदस्य मौजूद रहे। प्रशासन का मानना है कि परियोजना पूर्ण होने के बाद जिले में स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा व औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।