एटा। कोतवाली देहात पुलिस ने भाई व भाभी के हत्यारोपी सहित दो पर गैंगस्टर की कार्रवाई की है। इस दोहरे हत्याकांड ने लोगों को झकझोर कर रख दिया था। दोनों की धारदार हथियारों से हमला कर हत्या की गई थी। दंपती के पुत्र की भी हत्या का प्रयास किया गया था।थाना प्रभारी शंभूनाथ सिंह ने बताया कि धर्मेंद्र कुमार उर्फ पंकज निवासी श्रीकरा और प्रवेंद्र कुमार निवासी नगला डूडा पर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है। पंकज ने अपने सगे भाई जितेंद्र उर्फ टीटू और भाभी प्रीति की गला रेत कर हत्या की थी। इस वारदात को अंजाम देने के लिए प्रवेंद्र को 5 लाख रुपये का लालच दिया गया था। 30 जनवरी 2023 को जितेंद्र सुबह शौच के लिए गया था तभी प्रीति पर धारदार हथियारों से हमला किया गया और जब भाई लौटकर घर आया तो उसको निशाना बनाया गया।
संपत्ति के लालच में आरोपी पूरे परिवार को खत्म करना चाहता था। दंपती के तीन साल के बच्चे तनिष्क पर भी हमला किया गया और उसे मृत समझकर छोड़ गए थे। बताया कि दोनों आरोपियों को पुलिस 1 फरवरी को ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जो जेल में ही निरुद्ध हैं।