सपा सभासद सुनील यादव और भाई पर गैंगस्टर की कार्रवाई
रोडवेज के रंग में निजी बसों का संचालन करने और जमीन कब्जे के हैं आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
एटा। कोतवाली नगर पुलिस ने सपा सभासद सुनील यादव और इनके भाई पर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है। इससे सभासद की मुश्किलें बढ़ गई हैं। लगातार कई मुकदमे दर्ज किए गए और अब गैंगस्टर की कार्रवाई हो गई है। निकाय चुनाव के दौरान भी सभासद व अन्य के खिलाफ भाजपा समर्थक ने मुकदमा दर्ज कराया था।
शहर के मोहल्ला द्वारिकापुरी निवासी वार्ड संख्या 9 के सभासद सुनील यादव और इनके भाई अनिल कुमार उर्फ विजय यादव के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की गई। गैंग लीडर विजय यादव को दर्शाया गया है, जो गैंग के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर भौतिक व आर्थिक लाभ प्राप्त करने के लिए अवैध रूप से निजी बसों को रोडवेज के रंग में रंगाकर बस स्टैंड के पास खड़ी करके अवैध रूप कार्य करते हैं। इसकी वजह से सरकार को राजस्व हानि हो रही है। इतना ही नहीं बल पूर्वक जमीनों पर कब्जा किया जाना पेशा बना लिया है और लगातार अपराध करते आ रहे हैं। गैंग लीडर विजय यादव अपने भाई सुनील यादव के साथ मिलकर समाज विरोधी कार्य करते आ रहे हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वर्ष 2015 में पहला मुकदमा मारपीट कर धमकी देने और अनुसूचित जाति उत्पीड़न का दर्ज कराया गया था। इसके बाद लगातार अपराध करते चले गए और अब तक 11 मुकदमा पंजीकृत हो चुके हैं।
प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि सपा सभासद सुनील यादव और इसके भाई विजय यादव पर कई संगीन मुकदमा दर्ज हैं। इनके द्वारा अवैध रूप से कार्य किए जा रहे हैं और जमीनों पर कब्जा करना भी शामिल है। इनके दबंगई के चलते कोई विरोध नहीं करता, दोनों भाइयों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है।