एटा। स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 के लिए एक बार फिर फील्डिंग सज गई है। जनवरी माह में सर्वे टीम एटा आकर नगर पालिका को रैंकिंग देगी। इसके बाद पता चलेगा कि पालिका के कागजी दावों की हकीकत कितनी है? वर्तमान में पालिका द्वारा शहर के 25 वार्ड में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन का दावा हवाहवाई साबित हो रहा है। ऐसी हालत में पालिका को सर्वेक्षण में एक स्टार भी मिलना मुश्किल है।
वार्ड नबंर 12 के हिंदू नगर और नेहरू नगर में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन की पोल खुल गई है। यहां एक भी वाहन सुबह कूड़ा कलेक्शन को नहीं पहुंचता है। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि यहां तो सफाई कर्मचारी ही हफ्ते में एक बार चेहरा दिखाने आता है। कूड़ा कलेक्शन की बात तो बहुत दूर की है।
कूड़ा कलेक्शन के लिए सिर्फ पांच गाड़ी
पालिका के वाहन इंचार्ज सोवरन सिंह ने बताया कि शहर के 25 वार्डों में कूड़ा कलेक्शन के लिए केवल पांच वाहन हैं। ऐसे में किसी वार्ड में गाड़ी जल्दी पहुंचती है तो किसी में देर से।
कूड़ा खाली प्लॉट और नाले में
मोहल्ले में कूड़े की गाड़ी नहीं पहुंचती है। मजबूरन मोहल्लेवासी खाली प्लॉट और नाले में कूड़ा डाल देते हैं। इससे प्लॉट में पड़ा कूड़ा जहां सड़क पर उड़ता है वहीं नाले का पानी चौक हो जाता है।
सुबह छह बजे से दस बजे तक होती है सफाई
पालिका के सुपरवाइजर रामनिवास ने बताया कि प्रत्येक वार्ड में सफाई कर्मचारी सुबह छह बजे से दस बजे तक और शाम को तीन बजे से छह बजे तक कूड़ा उठाते हैं।
प्रतिदिन निकलता 55 मीट्रिक टन कूड़ा
शहर के प्रत्येक वार्ड से 55 मीट्रिक टन कूड़ा निकलता है। कूड़ा जीटी रोड स्थित विरामपुर पर डाला जाता है। पालिका के पास कूड़ा निस्तारण का अभी कोई प्लांट नहीं है।
क्या कहते हैं लोग
पालिका की तरफ से कूड़ा उठाने के कोई इंतजाम नहीं है। मोहल्ले में कोई भी गाड़ी या सफाई कर्मचारी कूड़ा उठाने नहीं आता है।
- आकांक्षा यादव, नेहरू नगर
सप्ताह में एक बार ही सफाई कर्मचारी नाली साफ करके चले जाते हैं। कूड़ा उठाने वाली गाड़ी मोहल्ले में कहीं भी नहीं आती है।
- सुषमा देवी, नेहरू नगर
महीने में के एक दो बार ही सफाई कर्मचारी आते हैं। कूड़ा उठाने वाली गाड़ी अभी तक नहीं आई है। पता नहीं कब गंदगी से निजात मिलेगी।
- उजागर सिंह, नेहरू नगर
पालिका की तरफ से कोई भी गाड़ी या सफाई कर्मचारी कूड़ा उठाने नहीं आते है। खाली प्लॉट या नाले में कूड़ा डालना पड़ता है।
- रवेंद्र सिंह, नेहरू नगर
-वार्ड नंबर 12 में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए गाड़ी नहीं पहुंच रही है, यह बात अभी तक संज्ञान में नहीं आई, पता कराया जाएगा, यदि ऐसा है तो शुक्रवार से ही गाड़ी भेजकर कूड़ा उठाया जाएगा।
डॉ. दीप वार्ष्णेय, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका