छह बाल श्रमिकों को कराया मुक्त
वाहनों की मरम्मत और होटल पर काम करते मिले बच्चे
संवाद न्यूज एजेंसी
एटा। श्रम विभाग, चाइल्ड लाइन, बाल संरक्षण समिति के अधिकारियों की टीम ने शनिवार को प्रतिष्ठानों पर छापामार कार्रवाई की। वहां विभिन्न कार्यों में लगाए गए छह बाल श्रमिकों को मुक्त कराया।
विपरीत परिस्थितियों में रहने वाले व भीख मांगने वाले तथा बालश्रम करने वाले बच्चों के पुनर्वासन के लिए अभियान चलाया गया। टीम द्वारा बस स्टैंड, जिला पंचायत मार्केट, अलीगंज रोड व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर दुकानदारों को बालश्रम न कराए जाए जाने की चेतावनी दी गई। जन सामान्य को बालश्रम और भिक्षावृत्ति जैसी बुराइयों के संबंध में जागरूक किया गया।
इस दौरान बाइक मिस्त्री की दुकान सहित होटल व अन्य चार प्रतिष्ठानों पर छह किशोर कार्य करते मिले। टीम द्वारा सभी को मुक्त कराया गया। प्रतिष्ठानों के संचालकों को चेतावनी दी गई। बाल संरक्षण अधिकारी सुखवीर सिंह ने बताया कि मुक्त कराए गए किशोरों के परिजन से संपर्क किया जा रहा है। आंकड़ा विश्लेषक अमन जैन, महिला शक्ति केंद्र से पूजा मिश्रा, श्रम प्रवर्तन कार्यालय से डीके शर्मा, वन स्टॉप सेंटर से शिल्पी सक्सेना उपस्थित रहे।