एटा। साइबर अपराधियों पर कार्रवाई करने के लिए साइबर टीम सक्रिय है। टीम ने बुधवार की सुबह करीब 10 बजे एटा-मिरहची रोड पर रिद्धि धर्मकांटा के पास से सिम पोर्ट करने के बहाने ठगी करने वाले युवक को पकड़ा है।
एएसपी धनंजय सिंह कुशवाहा ने बताया कि लोगों को ठगी का शिकार बनाने वाले सौरव निवासी गढनपुर थाना पिलुआ को पकड़ा गया है। इसके खिलाफ पहले से भी दो मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी से 1 टैबलेट, 1 स्वैप मशीन (फीनो पेमेंट बैंक) एक फिंगर स्कैनर मशीन, 3 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 3 ई-श्रम कार्ड, 4 एटीएम कार्ड, एक एटीएम क्लोन (सफेद रंग), 28 नए सिम कार्ड और 1010 रुपये बरामद किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि आरोपी वोडाफोन व एयरटेल कंपनी की सिम पोर्ट करने का काम करता है। मौका मिलने पर गांव के भोले-भाले लोगों को सिम पोर्ट करने के नाम पर नई सिम दे देता है और उनकी सिम निकाल कर अपने पास रख लेता है। मोबाइल से आधार कार्ड की फोटो भी खींच लेता है। नोएडा में किराए पर रहता है और बाद में समय मिलने पर सिम एक्टीवेट करके सिम धारक के आधार कार्ड से यूपीआई आईडी बनाकर उनके खातों से भिन्न-भिन्न स्थानों पर बने जनसेवा केंद्र से नकद निकाल लेता है।
बताया कि एटीएम मशीन पर खड़े लोगों से कार्ड बदलकर धोखाधड़ी करता है। 18 दिसंबर 2023 को गांव कुटैनामाफी थाना मिरहची में शिविर लगाकर गांव के ही ओमप्रकाश की सिम बदलकर 2 लाख 70 हजार रुपये अलग-अलग खातों में स्थानांतरण करने की बात स्वीकार की गई है। जबकि 27 नंबर 2023 को थाना पिलुआ क्षेत्र की रहने वाली एक महिला के साथ किसान बीमा योजना के नाम पर 70 हजार रुपये की ठगी करने की बात भी कबूल की है।