एटा। सिंचाई विभाग में नौकरी दिलवाने के नाम पर एक युवती से 13 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। युवक को सींचपाल के पद पर नौकरी दिलाने का भरोसा दिया गया था। जब नौकरी नहीं लगी तब उसने रकम वापस मांगी, तो धमकी दी गई। पीड़ित ने लखनऊ के चार लोगों के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर शुक्रवार को रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना सकरौली क्षेत्र के गांव फुतैहरिया निवासी आशीष कुमार पुत्र रामदत्त का आरोप है कि मुकेश कुमार तिवारी पुत्र राजवीर सिंह निवासी नवईया गणेशगंज का हिंडोला, लखनऊ ने सिंचाई विभाग में सींचपाल के पद पर नौकरी लगवाने का भरोसा दिया था। इसके एवज में 15 लाख रुपये की मांग की गई थी। 13 लाख एक हजार 666 रुपये कई बार में 17 मई 2018 तक ले लिए। इस षड्यंत्र में राजवीर तिवारी पुत्र सोने लाल, शिव तिवारी पुत्र मुकेश तिवारी भी शामिल थे।
इन लोगों द्वारा रकम लेने के बाद नौकरी लगवाने का झांसा दिया जाता रहा। जब नौकरी नहीं मिली तो पड़ताल की गई, तब मालूम हुआ कि आरोपियों ने साजिश रचकर रकम को ठग लिया है। आरोप है कि दी गई रकम को वापस मांगा गया तो आरोपियों ने धमकियां देना शुरू कर दिया। ठगी का एहसास होने पर पुलिस से शिकायत की गई तो कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद कोर्ट के आदेश पर तीनों नामजदों सहित चार के खिलाफ शुक्रवार को मुकदमा दर्ज कराया गया है। थानाध्यक्ष कृतपाल सिंह ने बताया है कि कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है मामले की जांच की जा रही है।