एटा। कोतवाली नगर ने चार अवैध पिस्टलों के साथ अलीगढ़ के तस्कर को गिरफ्तार किया है, जो वह एक ऑर्डर पर मध्यप्रदेश से तस्करी करके लाया था। पुलिस की घेराबंदी के दौरान तस्कर का भाई भागने में कामयाब रहा। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
एएसपी धनंजय सिंह कुशवाहा ने बताया कि कोतवाली नगर प्रभारी सुधीर कुमार सिंह को सूचना मिली। उसके बाद सैनिक पड़ाव के पास पुलिस बल के साथ घेराबंदी करके दानिश निवासी जीवनगढ़ थाना क्वार्सी जनपद अलीगढ़ को पकड़ लिया गया। जबकि इसका भाई फैजान भागने में सफल रहा। आरोपी से 32 बोर की 4 पिस्टल और 8 खाली मैगजीन बरामद की गईं हैं। उसके विरुद्ध अलीगढ़ के थाना क्वार्सी में चोरी का एक मुकदमा दर्ज है।
एएसपी ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में कहा कि वह और उसका फरार भाई खंडवा मध्यप्रदेश से 10 हजार रुपयों में असलहा खरीदकर उत्तर प्रदेश में लाते हैं। यहां पर 30 से 40 हजार रुपये में बिक्री कर देते हैं। एक असलाह पर 20 से 30 हजार रुपये का मुनाफा होता है। बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई है। एटा में किसको हथियार देने थे, पूछताछ में यह भी जानकारी में आया है। इन लोगों की तलाश की जा रही है।
सोशल मीडिया पर खूब चला था प्रचार
अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त में सप्लायर सोशल मीडिया का भी इस्तेमाल कर रहे हैं। पिछले दिनों एक फेसबुक पेज बनाकर तरह-तरह की पिस्टल व अन्य तरह के असलहे प्रदर्शित किए गए थे। इसमें खरीदने के लिए कांटेक्ट नंबर भी दिए गए थे। हालांकि पुलिस इस मामले में ज्यादा कुछ नहीं निकाल पाई, लेकिन यह तो तय है कि हथियार तस्कर हाईटेक तरीके से यह अवैध कारोबार कर रहे हैं।