मेडिकल कॉलेज के सामान्य वार्ड में भर्ती मरीज। संवाद
एटा। बारिश के मौसम के चलते मलेरिया का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे मेडिकल कॉलेज में हर रोज नए मरीज पहुंच रहे हैं। गंभीर हालत वाले मरीजों को सामान्य और बच्चा वार्ड में भर्ती कर उनका उपचार किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को पिता पुत्र समेत दो बच्चे और एक किशोरी मलेरिया पीड़ित मिली जिन्हें वार्ड में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है।
मेडिकल कॉलेज के सामान्य वार्ड में भर्ती डॉली (17) निवासी रामपुर घनश्याम ने बताया कि उसे 8 दिन से बुखार आ रहा था। निजी क्लीनिक पर दवा लेने के बाद बुखार ठीक नहीं हुआ। बुधवार को मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग में दवा लेने के लिए पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने लक्षण के आधार पर मलेरिया की जांच कराई। पुष्टि होने पर उसे सामान्य वार्ड में भर्ती कर उपचार देना शुरू कर दिया है। वहीं बच्चा वार्ड में भर्ती कबीर (6) निवासी कांशीराम कॉलोनी मानपुर के पिता अमित ने बताया कि उसे 15 दिन से बुखार आ रहा था। उपचार कराने के बाद भी उसे आराम नहीं मिला। बृहस्पतिवार को वह मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विभाग में दवा दिलाने के लिए पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने गंभीर हालत देखते हुए बच्चा वार्ड में भर्ती कर मलेरिया की जांच कराई जिसमें पुष्टि हुई। कृष्णा (7) निवासी द्वारिकापुरी के पिता देवेंद्र ने बताया कि उसे चार दिन से बुखार आ रहा था। बृहस्पतिवार को बाल रोग विभाग में दवा दिलाने के लिए पहुंचे। यहां जांच में मलेरिया की पुष्टि हुई। देवेंद्र ने बताया कि वह भी मलेरिया पीड़ित है। उसे तीन बार मलेरिया हो चुका है। तीनों बार मेडिकल कॉलेज में ही भर्ती होकर उपचार कराया है।