दो महिलाओं सहित चार ने खाया विषाक्त, एक युवक की मौत
गृह कलह के चलते खुदकुशी का किया प्रयास
संवाद न्यूज एजेंसी
एटा। जिले में अलग-अलग जगहों की रहने वाली दो महिलाओं सहित चार लोगों ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर खुदकुशी करने का प्रयास किया। एक युवक को गंभीर हालत में आगरा रेफर कर दिया गया। इलाज के लिए ले जाते समय टूंडला पर युवक की मौत हो गई। परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए ही शव को गांव ले गए और अंतिम संस्कार कर दिया। जबकि एक महिला को भी रेफर किया गया है।
कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित मोहल्ला सुनहरी नगर निवासी सत्यप्रकाश के पुत्र अनिल कुमार (28) की विषाक्त पदार्थ का सेवन करने से मौत हुई है। भाई रिंकू ने बताया कि गृह कलह के चलते सोमवार की रात करीब 8 बजे विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया था, मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, यहां से आगरा रेफर कर दिया। इलाज के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज लेकर जा रहे थे तभी टूंडला पर मौत हो गई। किसी का कोई दोष नहीं होने के चलते पुलिस को सूचना नहीं दी और शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।
वहीं थाना निधौली कलां क्षेत्र के गांव जमालपुर निवासी पुष्पेंद्र सिंह की पुत्री चीना (17) ने घर पर ही सोमवार की रात करीब 9 बजे विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। भाई विपिन कुमार ने भर्ती कराया और इलाज कराया गया। थाना मलावन क्षेत्र के गांव मुबारिकपुर निवासी विजय कुमार की पत्नी सुनीता (25) ने बच्चों के विवाद के बाद झगड़ा होने पर विषाक्त पदार्थ खा लिया। इसको आगरा रेफर किया गया है। जिला मैनपुरी थाना कुरावली के गांव पोकड़ा निवासी सोमेंद्र को भी विषाक्त पदार्थ खाने पर भर्ती कराया गया है।