एटा। इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। प्रतिदिन करीब 1500 मरीज मेडिकल कॉलेज में उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। लेकिन दवा वितरण काउंटर सिर्फ चार ही हैं। भीड़ के दबाव के आगे यहां दवा वितरण व्यवस्था प्रभावित हो रही है और मरीजों को कतारों में धक्के खाने पड़ रहे हैं।मेडिकल कॉलेज में सुबह आठ बजे से दो बजे तक ओपीडी चलती है। इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। सुबह से ही तेज धूप पड़ने लगती है। ऐसे में मरीज धूप से बचने के लिए सुबह से ही मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों को दिखाने के लिए पहुंच जाते हैं। उन्हें काउंटर पर पर्चा बनवाने के लिए लाइन में खड़ा होना पड़ता है। लाइन लंबी होने पर मरीज को 40 से 45 मिनट में नंबर आता है। इसके बाद मरीज को चिकित्सा के कक्षा के बाहर अपनी बारी के इंतजार में खड़ा होना पड़ता है। यहां भी मरीज को लगभग 30 से 35 मिनट का समय लगता है।
चिकित्सक के दवा लिखने के बाद मरीजों को दवा काउंटर पर लाइन लगानी पड़ती है। वैसे तो मरीजों को दवा वितरण के लिए चार काउंटर संचालित हैं, लेकिन यह काउंटर भी मरीज की भीड़ को देखते हुए कम पड़ रहे हैं। मरीज को यहां 20 से 25 मिनट तक अपनी बारी का इंतजार करने के लिए लाइन में खड़ा होना पड़ता है। भीषण गर्मी में होने के कारण मरीज परेशान हो जाते हैं।
मरीजों का कहना है कॉलेज प्रशासन को दो काउंटर और बढ़ा देने चाहिए। इससे मरीजों को राहत मिलेगी। बुधवार को कॉलेज में दवा लेने आए मरीजों का कहना था कि यहां चिकित्सक को दिखाकर दवा लेने में करीब डेढ़ से पौने दो घंटा का समय लग जाता है। इस दौरान धूप तेज हो जाती है तो मरीजों को ज्यादा दिक्कत होने लगती है। कालेज प्रशासन से मांग की है की दवा के दो काउंटर और बढ़ाए जाएं।
-
कमर में चोट लग गई थी, अस्थि रोग विभाग में चिकित्सक को दिखाने गया था। दवा लेने के लिए काउंटर पर पहुंचा तो 20 मिनट में नंबर आया। इस दौरान तेज धूप के कारण टिनशेड तप रही थी। दिक्कतों का सामना करना पड़ा।दीपक शर्मा, संतोष नगर
-
बुखार के साथ पेट में दिक्कत हो रही थी। चिकित्सक को दिखाकर दवा लिखवाई। दवा काउंटर पर भीड़ थी, ऊपर से टिनशेड तप रहा था। 15 मिनट लाइन में लगना पड़ा। तब जाकर दवा के लिए नंबर आया।
महाराज सिंह, मारहरा
-
चार कांउटर संचालित हैं। मरीजाें की भीड़ अधिक हो रही है। प्राचार्य से बात कर काउंटर बढ़वाए जाएंगे। कॉलेज आने वाले मरीजों को दिक्कत न हो। इसका पूरा ध्यान दिया जा रहा है।
डॉ. सुरेश चंद्रा, सीएमएस