एटा। शिक्षा विभाग में नौकरी लगवाने के नाम पर शनिवार को सात लाख की ठगी करने के मामले रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। नौकरी नहीं मिलने के बाद पीड़ित ने दिए रुपये मांगे तो आरोपियों ने उससे मारपीट की और उस पर फायर झोंक दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना जैथरा के गांव नगला कड्डी निवासी दिनेश का आरोप है कि चोब सिंह निवासी अमृतपुर थाना जसरथपुर ने शिक्षा विभाग में नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया था। चोब सिंह ने विश्वास में लेकर कई बार में उससे सात लाख रुपये ले गए। चोब सिंह के साथ चार अन्य लोग भी षड्यंत्र में शामिल रहे।
जब नौकरी नहीं लगी और पता चला कि वह ठगी का शिकार हो गया तो दी गई रकम वापस मांगी। आरोप है कि 23 मई को वह अलीगंज क्षेत्र में किसी कार्य से गया था। उसी दौरान गांव सदेश, बनी मठिया के पास चोब सिंह आदि मिल गए और रुपये मांगने पर जान से मारने के इरादे से गोली चला दी।
इसमें वे बाल-बाल बच गए। पीड़ित ने चोब सिंह सहित पांच के खिलाफ नौकरी के नाम पर सात लाख की ठगी करने और असलाहों से लैस होकर हत्या करने के इरादे से गोली चलाने व जाति से संबंधित गालियां देने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।