बुधवार को होने वाले अंतिम चरण के ग्राम पंचायत चुनाव के लिए जिला प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है। सोमवार शाम साढ़े चार बजे मारहरा और निधौली कलां ब्लाक में चुनाव प्रचार बंद हो गया।
मारहरा और निधौली कलां ब्लॉक में 2078 उम्मीदवार मैदान में हैं। मारहरा में ग्राम प्रधान के 59 और सदस्य के 751 पदों व निधौली कलां में ग्राम प्रधान के 71 और सदस्य के 903 पदों के लिए चुनाव हो रहा है। मारहरा में108485 और निधौली कलां में 141370 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। निधौली कलां के 36 ग्राम पंचायत सदस्यों के पदों पर कोई नामांकन नहीं हुआ है। जिसके चलते इन वार्डों पर चुनाव नहीं होगा। सोमवार को कलक्ट्रेट स्थित सहायक उप जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) और एनआइसी में कर्मचारी तैयारियों में जुटे रहे।
आज रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां
अंतिम चरण के मतदान के लिए पोलिंग पार्टियां मंगलवार को मारहरा और निधौली कलां ब्लॉक से रवाना होंगी। दोनों विकास खंड कार्यालयों पर इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। मारहरा ब्लॉक में 85 मतदान केंद्रों पर 182 बूथ और निधौली कलां में 111 मतदान केंद्रों पर 235 बूथ बनाए गए हैं।