एटा। दो युवकों को चोर समझकर पीटने और पुलिस के ऊपर पथराव करने के मामले में पुलिस आरोपियों की तलाश तेज की दी गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। कई टीमों को लगाया गया है।
15 अगस्त की देर रात चोर समझकर नयागांव थाना क्षेत्र के गांव अघतिया में ग्रामीणों ने दो युवकों को पीट दिया। जब सूचना पर पुलिस पहुंची तो उसके ऊपर पथराव कर दिया। पीआरवी 112 की गाड़ी के शीशे टूट गए। 5 नामजद और 50 अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज कराई जा चुकी है। पांचों नामजद आरोपी गांव से फरार हैं। थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
सीओ अलीगंज नितीश गर्ग ने बताया कि गांव में जहां विवाद हुआ वहांं और थाने तक के रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमराें की फुटेज को देखा जा रहा है। आरोपियों की पहचान की जाएगी और उपद्रव करने वालों को जल्द से जल्द पकड़कर जेल भेजा जाएगा। इस प्रकार कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
सीओ ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना न फैलाएं और बेवजह बिना सोचे-समझे किसी को चोर न बताएं। कोई संदिग्ध व्यक्ति है तो पुलिस को सूचना दें।