मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी के बाहर कर्मचारी व तीमारदार धूप लेते हुए। संवाद
एटा। जिले में शुक्रवार की सुबह कड़ाके की ठंड और गलन के साथ हुई। सुबह 11 बजे तक तापमान महज 9 डिग्री सेल्सियस बना रहा। दोपहर 12 बजे के बाद धूप निकली। पांच दिन बाद धूप निकलने से लोगों को राहत मिली। दिन का अधिकतम तापमान 16 और न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले दो-तीन दिन भी धूप निकलने का अनुमान मौसम विभाग की ओर से दिया गया है।
जिले में पिछले पांच दिन से लोगों को सूर्य के दर्शन तक नहीं हो रहे थे। सर्दी व शीतलहर होने की वजह से लोगों की कंपकपी छूट रही थी। लोग जगह-जगह अलाव जलाकर तापने को मजबूर थे। 3 जनवरी को हल्की धूप निकली थी। इसके बाद से लगातार कोहरा और बादल का असर बना हुआ था। शुक्रवार को सुबह घना कोहरा होने के साथ ही गलन भरी सर्दी थी। तापमान काफी कम रहा। इस मौसम को देखकर लोगों को शुक्रवार को भी धूप निकलने की उम्मीद नहीं थी।
दोपहर 12 बजे हल्की धूप निकली तो लोगों की उम्मीद जगी। इसके बाद धूप की चमक बढ़ती गई। लोग अपने घरों की छतों पर धूप लेने के लिए पहुंच गए। कपड़े, रजाई, गद्दे आदि सुखाए। वहीं कार्यालयों काम करने वाले कर्मचारी भी अपने कार्यालय से बाहर निकलकर धूप का आनंद लेते नजर आए। शाम को सूर्यास्त होने के बाद फिर से गलन भरी सर्दी का कहर शुरू हो गया। लोग घरों के बाहर अलाव जलाने लगे। घर के अंदर लोग ब्लोअर और हीटर जलाकर तापते रहे।
कृषि विज्ञान केंद्र अवागढ़ के मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसके सिंह ने बताया कि अगले दो-तीन दिन मौसम साफ रहने और धूप निकलने की उम्मीद है। सुबह के समय कोहरा परेशान कर सकता है।
धूप निकलने से लोगों के चेहरे खिले
जैथरा। धूप निकलते ही लोगों के चेहरे खिल उठे। लोगों को एक ही दिन में सर्दी से काफी आराम मिला। कस्बे के अशोक मिश्रा ने बताया कि करीब 15 दिन अपनी दुकान के आगे अलाव जलवा रहे हैं ताकि राहगीरों, गरीबों, असहायों को सर्दी से राहत मिल सके। प्रेम किशोर पांडेय ने बताया कि धूप निकलने से सर्दी से राहत मिली है। उम्मीद करते हैं कि अब धूप लगातार निकलेगी। संवाद