मारहरा। कस्बे के नदरई रोड पर नगर पालिका सड़क किनारे कूड़ा डंप करती है। रविवार सुबह किसी व्यक्ति ने कूड़े में आग लगा दी। पास ही एक किसान के खेत में रखे करब (पशुओं के चारे) के बंडलों तक आग पहुंच गई और किसान का नुकसान हो गया।
मोहल्ला चौहट्टा निवासी राजवीर के खेत में करब के बंडल रखे हुए थे। रविवार सुबह नगर पालिका द्वारा डंप किए गए कूड़े के ढेर में किसी ने आग लगा दी। सुलगते कूड़े की आग पास रखे एक किसान के करब के बंडलों ने पकड़ ली। किसान व अन्य लोगों ने यहां से बंडलों को हटाया और पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। आग की सूचना पर नगर पालिका ने भी पानी का टैंकर भेजा। लेकिन आग बुझने तक काफी मात्रा में करब जल चुकी थी।
किसान राजवीर ने इस हादसे के लिए नगर पालिका को जिम्मेदार ठहराया है। पालिकाध्यक्ष शशिप्रभा का कहना है कि कूड़े में आग किसी अराजक तत्व ने लगाई होगी। नगर से निकलने वाले कूड़े को डंप करने के लिए पालिका द्वारा अन्य स्थान पर जमीन देखी जा रही है। जल्द ही सड़क किनारे कूड़ा डंप करने की समस्या खत्म हो जाएगी।