एटा। जसरथपुर और कोतवाली नगर पुलिस ने पांच वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी के नौ वाहन बरामद किए गए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक धनंजय सिंह कुशवाहा ने बताया कि 19 सितंबर को रात करीब 8.50 पर थाना जसरथपुर पुलिस ने नगला मोहन चौराहा पर चेकिंग के दौरान अंकुर निवासी गांव और थाना जसरथपुर और विजय निवास गांव रघूपुरा थाना जसरथपुर को गिरफ्तार कर लिया। इनके बताए गए स्थानों से चोरी किए गए दो ई-रिक्शे, दो ऑटो और तीन मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
एएसपी ने बताया कि दोनों वाहन चारों को आपराधिक इतिहास है। अंकुर पर मैनपुरी में दो और जसरथपुर में एक तथा विजय पर जसरथपुर में एक मुकदमा दर्ज है।
उधर कोतवाली नगर प्रभारी सुधीर राघव ने बताया कि 19 सितंबर रात करीब 9 बजे सकीट रोड पर टेंपो स्टैंड के पास से जहीर खान निवासी पवांस थाना कोतवाली देहात, करन निवासी हिंदू नगर और मुकुल निवासी गांधी मार्केट को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों ने बताया कि अलग-अलग स्थानों से उन्होंने मोटरसाइकिलें चोरी की थीं। तीनों को अभियोग पंजीकृत कर जेल भेजा गया है।