एटा/सकीट। प्रधान प्रत्याशी की कार पर पुलिस के सामने ताबड़तोड़ फायरिंग कर जानलेवा हमला किया गया। हमलावरों ने प्रत्याशी की कार को क्षतिग्रस्त कर चारों टायरों को फाड़ दिया, इस दौरान पुलिस को अपनी जान बचानी पड़ गई। पीड़ित ने आठ लोगों को नामजद कर मुकदमा दर्ज कराया है।
थाना सकीट क्षेत्र के गांव बक्सीपुर खास निवासी कार सवार प्रधान प्रत्याशी मुुन्ना लाल और इनके पुत्र सुखवीर सिंह पर जानलेवा हमला किया गया। मुन्ना लाल का कहना है कि गांव का कंटेनर चालक नरवेश सोमवार को मतदान करने के लिए घर आया था, इस दौरान कंटेनर गांव बिहारपुरा के पास खड़ा कर दिया। बुधवार की रात करीब 10 बजे नरवेश कंटेनर लेकर नोएडा जा रहा था। तभी सूचना मिली कि उसके साथ कुछ लोग मारपीट कर रहे हैं। सूचना पर मुन्नालाल अपने बेटे सुखवीर सिंह के साथ गांव बिहारपुरा कार से पहुंच गए। यहां पर पहले से डायल 112 की पीआरवी के सिपाही मौजूद थे। आरोप है कि तभी एक अन्य कार में सवार गांव बक्सीपुर खास निवासी हरिओम, पुष्पेंद्र और जितेंद्र, गांव बिहारपुरा निवासी सोपाली उर्फ प्रेमचंद्र, शेखर, जितेंद्र, प्रमोद और महेंद्र लाइसेंसी और गैर लाइसेंसी असलाहों सेे लैस होकर आ गए। आते ही आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। किसी तरह से बचकर जान बचाई, फायरिंग होते ही पुलिस कर्मियों को जान बचाना मुश्किल पड़ गया। आरोपियों ने कार पर हत्या करने के इरादे से फायरिंग की गई, इससे कार क्षतिग्रस्त हो गई और चारों टायर फाड़ दिए गए। थाना से अन्य पुलिस बल मौके पर पहुंचा तब जाकर हमलावर भागे और जान बच सकी।
-----वर्जन------
प्रधान प्रत्याशी पर जानलेवा हमला किया गया है, तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के सामने जानलेवा हमला और फायरिंग गंभीर मामला है, आरोपियों की गिरफ्तार के लिए टीम गठित की गई है, जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
कमलेश त्रिवेदी, सीओ सकीट
---------
अनिल यादव