अलीगंज। कस्बे में हिस्ट्रीशीटर बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। बृहस्पतिवार रात बेखौफ बदमाशों ने खुलेआम बीच बाजार फायरिंग कर डाली। गैंग वार की इस घटना से नगर के लोगों में दहशत फैल गई। घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकाॅर्ड हुई है। फायरिंग की सूचना पर भारी मात्रा में पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी बदमाश भाग चुके थे। सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग में दिख रहा है कि बाजार में बाइक सवार बदमाश दूसरी बाइक को ओवरटेक करते वक्त गिर जाते हैं। तभी बाइक पर बैठा दूसरा युवक हाथ में तमंचा निकाल कर फायरिंग शुरू कर देता है।
बता दें कि कस्बे में इन दिनों सक्रिय गैंग कन्हैया शर्मा और कृष्णा गौतम नाम के हिस्ट्रीशीटरों में आपस में वर्चस्व स्थापित करने की जंग ठनी हुई है। आतंक का पर्याय बन चुके दोनों बदमाश एक-दूसरे के खून के प्यासे बने हुए हैं। कन्हैया शर्मा और कृष्णा गौतम गैंग के सभी सदस्य दर्जनों बार जेल भी जा चुके हैं। इन पर जिले के अलग-अलग थानाें में कई मुकदमे दर्ज है। दोनों ही बदमाशों के बीच एक माह के अंदर दो बार गैंग वार हो चुका है। उधर, घटना के बाद हिस्ट्रीशीटर कन्हैया के भाई श्याम शर्मा ने कोतवाली में तहरीर दी है।
आरोप है की वह देर रात पड़ाव की तरफ सब्जी लेने जा रहा था। पुरानी तहसील चौराहे के पास गैंगस्टर कृष्णा गौतम सहित आठ बदमाशों ने आगे से घेरकर मोटर साइकिल गिराने का प्रयास किया।बाइक गिराने में असफल रहे बदमाशों ने तमंचा निकाल कर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। घटना में वह बाल-बाल बच गया।पुलिस ने तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी प्रेमपाल सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात हुई घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। अपराधियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही अपराधी सलाखों के पीछे होंगे।