अलीगंज के सुदर्शनदास मोहल्ले में आग लगने पर जलता सिलिंडर। संवाद
अलीगंज। मोहल्ला सुदर्शन दास में रविवार सुबह रसोई गैस सिलिंडर में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सिलिंडर से करीब छह फीट ऊंची लपटें उठने लगीं। घनी आबादी के बीच हुई घटना से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। करीब आधा घंटे बाद आग को लोगों ने बुझाया।
मोहल्ला सुदर्शन निवासी मनोज ने बताया कि उनकी बहन रविवार सुबह वह घर में चाय बना रही थीं, तभी अचानक गैस सिलिंडर में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और सिलिंडर से ऊंची-ऊंची लपटें निकलने लगीं। अचानक हुई इस घटना से परिवार के लोग घबरा गए। आग बुझाने की कोशिश की गई लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि किसी की हिम्मत नहीं पड़ी।
मनोज ने जलते हुए सिलिंडर को घर के बाहर नाली में डाल दिया। इसके बाद भी आग नहीं बुझी तो सिलिंडर के ऊपर कई बोरे डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। कड़ी मशक्कत के कर करीब आधा घंटे बाद आग पर काबू पा लिया गया।
जिला अग्निशमन अधिकारी जितेंद्र कुमार चौरसिया ने बताया कि विभाग को सूचना मिलने से पहले ही घर के लोगों ने कोशिश कर आग पर नियंत्रण पा लिया था। कोई हताहत नहीं हुई है। सूझबूझ से हादसा टल गया।