एटा। थाना बागवाला क्षेत्र के एक गांव खेरिया में होली के हुड़दंग में सोमवार को जमकर ईंट पत्थर चले और फायरिंग कर दी गई। वहीं जिले में पांच अन्य जगहों पर भी मारपीट की वारदातें हुई हैं, इनमें से एक वारदात में चाकू से हमला किया गया है। पुलिस ने सभी मामलों की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
थाना बागवाला क्षेत्र के गांव खेरिया में होली के दौरान दो पक्षों में गाली-गलौज हो गई, इसके बाद देखते ही देखते दोनों ओर से ईंट पत्थर चलने लगे और फायरिंग हो गई। श्यौराज सिंह की ओर से गांव के ही रामखिलाड़ी सहित नौ लोगों के खिलाफ हत्या करने के प्रयास सहित विभिन्न आरोपों में मुकदमा दर्ज कराया गया है। तहरीर में आरोप लगाए गए हैं कि ईंट पत्थरों के फेंकने के साथ ही विवेक कुमार ने हत्या करने की नीयत से फायर किया और जेब में रखे एक हजार व सोने की जंजीर को तोड़ ले गए। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं।
कोतवाली नगर के मोहल्ला रेवाड़ी निवासी शिखा पत्नी मोहन लाल की ओर से पति मोहन लाल निवासी हरिचंदपुर थाना मलावन पर आरोप लगाए गए हैं कि घर में घुसकर मारपीट की गई, देवर बचाने आया तो चाकू से हमलाकर घायल कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है। थाना अलीगंज में रविकांत निवासी गांव असदुल्लापुर ने गांव के ही देवेंद्र उर्फ मुलायम सहित तीन के खिलाफ मारपीट कर धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना नयागांव में राजीव उर्फ राजू निवासी नयागांव ने पुष्पेंद्र उर्फ पिंकू सहित तीन के खिलाफ मारपीट कर धमकी देने और थाना जलेसर में नसीम निवासी मोहल्ला छत्ता ने अदीन वारसी निवासी मोहल्ला काजी थाना सहावर जिला कासगंज सहित दो के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट कर धमकी देने व थाना सकीट में मीना देवी पत्नी सुनील निवासी बक्सीपुर ने गांव के ही विजय कुमार सहित चार के खिलाफ परिजनों से मारपीट कर धमकी देेनेे की रिपोर्ट लिखाई है।