एटा। थाना निधौली क्षेत्र के गांव नगला बीज में मंगलवार को बिजली के खंभे पर किसान का शव लटका मिला। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। जानकरी मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई। मृतक की पहचान जमुनादास (60) के रूप में हुई है। मृतक की पत्नी केला देवी ने नामजद लोगों पर पति की हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है।
पत्नी का आरोप है कि दो दिन पूर्व पति अपने खेत में पानी लगा रहा था। किसी तरह के पानी पड़ोसी के खेत में चला गया, जिसमें आलू की फसल थी। खेत मालिक रनवीर निवासी भूड़गड्ढा ने जमुनादास पर पानी भरने से आलू की फसल खराब होने का आरोप लगाया। आरोप है कि रनवीर का खेत करीब 200 मीटर दूर है। बंबा की पटरी कटने से आलू की फसल में पानी भर गया था। इसके बाद 2 मार्च को रनवीर बाइक से घर आया। गुंडागर्दी के बल पर साथ बैठाकर भूड़गड्ढा ले गया। जहां पति से आलू की फसल खराब होने के हर्जाने के रूप में 4 लाख रुपये मांगे, देने से मना किया तो पिटाई कर गांव के बाहर बंबे पर छोड़ गए।
बताया कि सोमवार की शाम फिर से रनवीर अपने अन्य साथियों के साथ घर आया और जबरन पति को अपने गांव ले गया, जहां पंचायत में हर्जाने के रूप में 3 लाख रुपये देने की हां करवा ली। पति ने नकद रुपये न होने की बात कही तो सभी लोगों ने एकराय होकर हर्जाने के बदले जमीन का बैनामा कराने को कहा। केला देवी ने आरोप लगाया है कि यह लोग बैनामा कराने के लिए उसके पति को सदर तहसील ले गए। इन लोगों ने ही मेरे पति की हत्या कर शव को फंदा लगाकर गंगा सिंह की सबमर्सिबल के पास बिजली के खंभे पर लटका दिया है। बताया कि जमीन का बैनामा कराया अथवा नहीं पूरी जानकारी नहीं हो पाई है।
मृतक की पुत्री असम राइफल्स में है तैनात
मृतक की पत्नी ने बताया कि उनकी बेटी असम राइफल्स में तैनात है। पिता की मृत्यु की सूचना मिलते ही वह जहाज से आ रही है। उसके आने के बाद ही शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
-
शव मिलने की सूचना पर थाना पुलिस व डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची। छानवीन की गई तो खेत में पानी जाने को लेकर विवाद होना सामने आया है। इसके साथ पंचायत होने की जानकारी भी मिल रही है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।