एटा। मंगलवार को चौथे दिन 78 में से दो क्रय केंद्रों पर किसान गेहूं लेकर पहुंचे। अन्य सभी केंद्र सूने पड़े रहे। अधिकारी मौसम की समस्या मान रहे हैं और बंपर आमद होने में एक सप्ताह का समय लगने की उम्मीद जता रहे हैं।साधन सहकारी समिति बावसा और खेड़ा बसुंधरा पर चौथे दिन किसान गेंहू लेकर पहुंचे। यहां पर सबसे पहले पहुंचे किसानों का फूल देकर स्वागत किया गया। हालांकि महावीर जयंती की छुट्टी होने के चलते किसानों के गेहूं की तौल नहीं हो सकी। बावसा पर 300 और खेड़ा पर 200 क्विंटल के करीब गेहूं लाया गया।
डिप्टी आरएमओ नंदलाल ने बताया कि मौसम साथ नहीं दे रहा है। इसकी वजह से किसान गेहूं की फसल नहीं काट पा रहा है। यही वजह है कि क्रय केंद्रों पर गेहूं की आमद नहीं हो रही है। अगर मौसम पूरी तरह से साफ हो जाता है तब भी एक सप्ताह का समय गेहूं पहुंचने में लगेगा।
रात और सुबह हुई बूंदाबांदी
मौसम पल-पल मिजाज बदल रहा है। सोमवार की रात को बारिश हुई। वहीं मंगलवार सुबह भी बूंदाबांदी हो गई। इसकी वजह से गेहूं की फसल और उपज में नमी आ गई है। ऐसे में किसान कटाई नहीं कर पा रहा है। जहां फसल कट गई है, थ्रेसिंग नहीं हो पा रही है।