मिरहची/एटा। थाना मिरहची क्षेत्र के गांव कुतुकपुर स्थित खेत में किशोरी का क्षति-विक्षत शव मंगलवार की दोपहर को पड़ा मिला। किशोरी आठ दिन से लापता थी, लेकिन परिजन की ओर से पुलिस को सूचना तक नहीं दी गई। हत्या करके शव फेंकने की आशंका जताई जा रही है। थाना पिलुआ क्षेत्र के गांव गोकुलपुर निवासी ऋषिपाल सिंह की बेटी रूबी (17) के रूप में पहचान की गई है। थाना प्रभारी छत्तर पाल सिंह ने बताया कि मंगलवार को खेतों में गेहूं की कटाई कर रहे किसानों ने तेज दुर्गंध आने पर पास जाकर देखा, तो खेत में शव मिला। इसके बाद सूचना दी, तो पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव की पहचान कराने के लिए आसपास के ग्रामीणों को बुलाया। तब किशोरी की पहचान हो सकी। इसके बाद पिता व अन्य परिजन को सूचना देकर बुलाया गया। तब पता चला कि किशोरी आठ से लापता थी। कपड़ों के आधार पर शव की पहचान की गई है। शव काफी क्षत-विक्षत हो चुका है।
सीओ सदर सुधांशु शेखर ने बताया कि किशोरी 27 मार्च से लापता थी। इसकी जानकारी परिजन की ओर से पुलिस को क्यों नहीं दी गई? ऐसे ही तमाम बिंदुओं को लेकर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा।