मिरहची में घटना स्थल पर मौजूद पुलिस व ग्रामीण। संवाद
मिरहची। खेत की सिंचाई कर रहे युवक की बुधवार की सुबह मौत हो गई। नलकूप के पास एक गड्डे में युवक का शव मिलने पर गांव में खलबली मच गई। जानकारी पर एएसपी श्वेताभ पांडेय, सीओ सदर संकल्पदीप कुशवाह ने थाना पुलिस के साथ पहुंचकर मौके का निरीक्षण किया है।
क्षेत्र के गांव फालर निवासी वीरबहादुर (30) बुधवार की सुबह खेत में पानी लगाने के लिए घर से निकला था। खेत में सिंचाई के लिए पड़ोस के गांव रामई के एक निजी नलकूप से पानी लिया जा रहा था। वीरबहादुर के चाचा किसी काम से उससे फोन पर संपर्क करने के लिए लगातार घंटी कर रहे थे।
फोन न उठने पर उसके चाचा नलकूप पर पहुंचे तो वहां वीरबहादुर के न दिखने पर आवाज लगाई। पुन: कॉल करने पर फोन की घंटी की आवाज पर देखा तो युवक एक गड्डे में पड़ा था। यह देख उनके होश उड़ गए, कुछ ही देर में युवक के परिजन भी आ गए।
सूचना पर थाना प्रभारी नीता वर्मा भी फोर्स सहित पहुंच गई। जानकारी पर परिजन ने बताया वीरबहादुर पांच भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी शादी कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव नगला पुढि़यार से छह वर्ष पहले हुई थी। उसके पांच वर्ष की एक बेटी है, पत्नी सरिता से दो साल से न्यायालय में विवाद चल रहा है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराते हुए पड़ताल शुरु कर दी है।