एटा। थाना बागवाला क्षेत्र के गांव करतला के पास बृहस्पतिवार की दोपहर करीब एक बजे बेकाबू कैंटर एक किसान को रौंदते हुए सड़क किनारे पलट गया। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। हादसे में किसान की मौके पर ही मौत हो गई। एटा-अलीगंज मार्ग स्थित गांव करतला निवासी हरी सिंह (55) की मौत हुई है। चचेरे भाई प्रकाश चंद्र ने बताया कि गांव सेे करीब 300 मीटर आगे सड़क किनारे हरी सिंह पैदल जा रहे थे।
तभी पीछे से आ रहे कैंटर ने उन्हें रौंद दिया और सड़क किनारे पलट गया। इस हादसे में भाई की मौके पर ही मौत हो गई। थाना प्रभारी नरेश सिंह ने बताया कि कैंटर की टक्कर से किसान की मौके पर ही मौत हुई है। पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। कैंटर नोएडा से लखनऊ के लिए सामान लेकर जा रहा था। इसके स्वामी को हादसे की जानकारी दी गई है।