एटा/अलीगंज। नयागांव थाना क्षेत्र के गांव आलमपुर में खेत पर बने नलकूप पर सो रहे वृद्ध की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। वृद्ध की हत्या से क्षेत्र में खलबली मच गई है। हत्या के खुलासे के लिए थाना पुलिस के साथ सर्विलांस, एफएसएल, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड साक्ष्य जुटाने का प्रयास कर रही है।
नयागांव थाना क्षेत्र के गांव आलमपुर में रामपाल (70) की सिर कुचलकर हत्या किए जाने से गांव के सभी लोग दंग रह गए हैं। रामपाल की पत्नी का काफी समय पहले निधन हो गया था। उनके एक बेटी थी, जिसकी शादी कन्नौज जिले के छिबरामऊ थाना क्षेत्र के गांव गठिया में हुई थी, जिसकी 30 वर्ष पहले मौत हो चुकी है। अकेले होने पर रामपाल अपने बड़े भाई गेंदालाल के पास रहते थे, जो रोजाना खेत पर बने नलकूप पर सोते थे।
गांव के लोग बुधवार की सुबह खेत पर पहुंचे तो लहूलुहान रामपाल का शव देख कर रह गए। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में कर पड़ताल शुरु कर दी। हत्या के खुलासे के लिए क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह ने मौके का निरीक्षण करते हुए सर्विलांस, एफएसएल, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाया, जो साक्ष्य जुटाने में लगी हुई हैं। 16 बीघा जमीन थी मृतक के हिस्से में : मृतक रामपाल के हिस्से में 16 बीघा जमीन थी, इसमें छह बीघा जमीन वह दो साल पहले अपने बड़े भाई गेंदालाल के नाम कर चुके हैं। बाकी दस बीघा जमीन अभी उनके नाम है। मृतक तीन भाई हैं, छोटा भाई लेखपाल और उसके बच्चे गांव में रहते हैं। पुलिस जमीन के बंटवारे को लेकर भी पड़ताल कर रही है।