एटा। भारतीय किसान यूनियन के तत्वाधान में अलग-अलग गुटों ने कलक्ट्रेट से लेकर तहसील तक प्रदर्शन किया। कलक्ट्रेट में किसानों द्वारा डीएम कार्यालय का घेराव करने पर डीएम समेत अन्य अधिकारियों को पीछे के गेट से पैदल निकलना पड़ा। इधर, जलेसर में भी किसानों ने प्रदर्शन किया। किसानों के प्रदर्शन के कारण सड़क पर जाम लग गया। वहीं एक अन्य संगठन ने धरनास्थल पर धरना देकर ज्ञापन सौंपा।
भारतीय किसान यूनियन (किसान) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन ठाकुर के नेतृत्व में किसानों ने सकीट क्षेत्र के गांव सिरांव में चकबंदी निरस्त कराने की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। किसान डीएम कार्यालय घेरकर बैठ गए। इस दौरान पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने समझाकर और धमकाकर उन्हें उठाने का प्रयास किया पर किसान नहीं माने।
किसानों की मांग थी कि गांव सिरांव में चकबंदी को निरस्त किया जाए। एसडीएम अलंकार अग्निहोत्री ने गांव में खुली बैठक का आश्वासन देकर आंदोलन समाप्त कराया। इस दौरान राष्ट्रीय महासचिव शिव प्रताप सिंह, हर्ष गुप्ता आदि मौजूद रहे।
वहीं भाकियू (किसान) के प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर सत्येंद्र सिंह की अगुवाई में विकास खंड कार्यालय पर किसानों ने धरना दिया। प्रदर्शन के बाद किसानों ने ग्राम पंचायत ताखा वन में व्याप्त भ्रष्टाचार के विरोध में ज्ञापन सौंपा। इस दौरान प्रदेश महासचिव लखन यादव, हरेंद्र सिंह, भूपेंद्र सिंह, मान मान सिंह, अंकित कुमार, प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।
भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) ने कलक्ट्रेट स्थित धरनास्थल पर धरना दिया। इसमें कृषि कानूनों को वापस लिए जाने, किसान आयोग का गठन, न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित किए जाने और डीजल में सब्सिडी दिए जाने की मांग को लेकर एसडीएम अलंकार अग्निहोत्री को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान जिलाध्यक्ष रमेश चंद्र यादव, राजेंद्र सिंह, देवेंद्र सिंह, हरपाल सिंह, विपिन कुमार, रामनरेश आदि मौजूद रहे।
इधर, जलेसर में किसानों को नोएडा जाने से रोकने एवं उत्पीड़न के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (भानु) के प्रदेश उपाध्यक्ष विक्की ठाकुर की अगुवाई में जुलूस निकालकर एसडीएम कार्यालय के सामने धरना दिया। सीओ कार्यालय में ताला डाल दिया।
विक्की ठाकुर ने बताया कृषि कानून के विरोध में दिल्ली में चल रहे आंदोलन में आगरा एवं अलीगढ़ मंडल से किसानों को नोएडा जाने से रोका जा रहा है। वक्ताओं ने कहा कि बैंकों द्वारा केसीसी बकाया राशि पर आरसी निकालकर उत्पीड़न किया जा रहा है। यहां चल रहे धरना प्रदर्शन में देर शाम राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन ठाकुर, राष्ट्रीय महासचिव अंशु ठाकुर भी पहुंच गए।
बाद में एसडीएम एसपी वर्मा ने ज्ञापन लेकन किसान नेताओं को समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष सत्येंद्र ठाकुर, रोहित ठाकुर, लखन यादव अजीत प्रताप सिंह, ,पंकज सिंह, बंटी यादव, माता प्रसाद यादव, प्रशांत यादव, दामोदर वर्मा आदि मौजूद रहे।
किसानों के आंदोलन के चलते लगा जाम
जलेसर। भारतीय किसान यूनियन के प्रदर्शन के चलते तहसील मुख्यालय के जाम लग गया। तहसील में कार्य कराने आने वालों के वाहनों को सड़कों पर ही छोड़कर अंदर पैदल जाना पड़ा। चार घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान तहसील में आम लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।
------------------------
अधिकारियों को पैदल निकलना पड़ा
भाकियू के आंदोलन के चलते डीएम सुखलाल भारती, एडीएम केशव प्रसाद, सीएमओ डॉ. अरविंद गर्ग और सीडीओ अजय प्रकाश की गाड़ियां फंस गईं। इस पर अधिकारियों को डीएम गेट के स्थान पर मुख्य गेट तक पैदल आना पड़ा और यहीं अपनी गाड़ियां मंगवाकर जाना पड़ा।