अलीगंज। गांव कोट के पास बुधवार की देर रात दो बाइकों में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में एक बाइक पर सवार किसान की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
वही दूसरी बाइक पर सवार व्यक्ति भी घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज में भर्ती कराया। थाना जसरथपुर क्षेत्र के भदुईया मठ निवासी अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि गांव के ही विनोद कुमार (30) के साथ किसी काम से अलीगंज कस्बा जा रहे थे। रास्ते में गांव कोट के पास सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। इससे दोनों बाइक पर सवार 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देते हुए सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने विनोद कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं अनिरुद्ध और दूसरे युवक को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया है। थाना प्रभारी अलीगंज निर्दोष सिंह सेंगर ने बताया कि एक बाइक का चालक मौके से भाग गया, उसकी तलाश की जा रही है।