एटा। डाक विभाग में फर्जी दस्तावेजों से नौकरी पाने वाले की शिकायत होने पर विभागीय जांच कराई गई। इसके बाद विभागीय जांच में ही पूरा मामला खुलकर सामने आ गया। विभाग की ओर से फर्जी दस्तावेजों से नौकरी करने वाले को निलंबित कर दिया है।
मुख्य डाकघर अधीक्षक एसके शर्मा ने बताया है कि डाकघर कुढार में कार्यरत राजबहादुर दीक्षित की फर्जी दस्तावेजों से नौकरी पाने की शिकायतें आ रहीं थीं। इसकी जांच सहायक डाक अधीक्षक कासगंज से कराई गई, विभागीय जांच में सामने आया है कि राजबहादुर दीक्षित ने वर्ष 28 जनवरी 1998 में हुई भर्ती में फर्जी प्रमाणपत्रों में हेरा फेरी करके नौकरी हासिल कर ली। सहायक डाक अधीक्षक कासगंज की जांच में सामने आया है कि राजबहादुर दीक्षित निवासी कुढार कासगंज ने अपने फर्जी अंकपत्रों के आधार पर डाक विभाग में नौकरी प्राप्त की है।
सहायक डाक अधीक्षक की जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपित कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। सहायक अधीक्षक डाकघर कासगंज को आदेशित किया है, कूटरचित प्रमाणपत्रों के सहारे नौकरी हासिल करने वाले कर्मचारी के विरुद्ध आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जा रही है।