निर्देशों के बाद भी बोर्ड परीक्षाओं में डयूटी न करने वाले एक दर्जन से अधिक शिक्षक शिक्षिकाओं का वेतन काटने के आदेश दिए गए हैं। बुधवार तक संबंधित केंद्रों पर आमद न कराने वालों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।
चेतावनियों को नजरंदाज करने वाले परिषदीय शिक्षक शिक्षिकाओं के विरुद्ध कार्रवाई शुरू हो गई है। मंगलवार को मिली सूचनाओं के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एसएस यादव ने शीतलपुर, सकीट एवं अवागढ़ विकास खंडों के तेरह शिक्षक शिक्षिकाओं का परीक्षा दिनों का वेतन काटने के आदेश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि बुधवार तक इन शिक्षकों ने संबंधित केंद्रों पर उपस्थिति दर्ज नहीं कराई तो इनके विरुद्ध अन्य अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई का शिकार हुए शिक्षकों में सकीट ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय जोगपुरा की नीरज कुमारी, प्रावि मिसरी की सुरभि यादव, नगला गंगी के अब्दुल फहीम अवागढ़ प्रावि मिरजापुर की ऊषा सिंह, कुसैत की ओमप्रभा, शीतलपुर ब्लाक के प्रावि मरथरा की मीना, गाजीपुर पहोर के महेंद्र सिंह, निशा यादव, बबरौती के रवींद्र सिंह, कोयना की सीमा, अहमदाबाद की रश्मि, नगला पुरबिया की संगीता, प्रथ्वीराज पुर के प्रभुदयाल शामिल हैं।